बरेली। थाना मीरगंज पुलिस ने जाम चौराहे पर लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक, 20 जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 12 मई को जाम चौराहे पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग किए जाने की सूचना पर थाना मीरगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था। वादी त्रिमोहन पुत्र मंगली की तहरीर पर आरोपी सियाराम पुत्र मंगली उर्फ मंगल सेन निवासी ग्राम खमरिया आजमपुर थाना मीरगंज में मुकदमा पंजीकृत किया गया।बुधवार को थाना मीरगंज पुलिस टीम में शामिल उपनिरीक्षक ब्रजकिशोर, उपनिरीक्षक इशकलाल और हेड कांस्टेबल आसिम हुसैन ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को मढ़ी ग्राम जाम रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक, 20 जिंदा कारतूस 16 बोर और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 30 आयुध अधिनियम की बढ़ोत्तरी भी की गई।पूछताछ में आरोपी सियाराम ने बताया कि उसका अपने भाई त्रिमोहन से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया था। कहासुनी बढ़ने पर वह आवेश में आ गया और अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की बात कही है।