बरेली। थाना इज्जतनगर पुलिस ने अपहरण कांड में वांछित एक अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।पुलिस के अनुसार रात थाना इज्जतनगर पुलिस पीलीभीत रोड स्थित कलापुर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें कांस्टेबल नीशू तिवारी घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश विमल पुत्र विनोद कुमार निवासी ग्राम रिछौला थाना नवाबगंज, बरेली के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।गिरफ्तार अभियुक्त थाना इज्जतनगर में दर्ज फिरौती के लिए अपहरण के मुकदमे में वांछित था। पुलिस ने आरोपी और घायल पुलिसकर्मी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। बरामदगी में एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा और तीन खोखा कारतूस, चोरी की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल तथा 250 रुपये नकद शामिल हैं। बरामद मोटरसाइकिल बदायूं के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से चोरी की बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों उमाशंकर, आकाश और हरनेश के साथ मिलकर 9 मई 2026 को फन सिटी के आगे से एक युवक का अपहरण किया था। इस मामले में उसका साथी उमाशंकर पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी ने बताया कि गिरफ्तारी के डर से उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की।पुलिस ने मुठभेड़, अवैध असलाह बरामदगी और अन्य धाराओं में थाना इज्जतनगर में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।