बरेली। थाना बहेड़ी पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।थाना प्रभारी ने बताया कि उप निरीक्षक श्रीनाथ शर्मा, उप निरीक्षक रजनीश कुमार तथा पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक शमशान भूमि के आगे चकरोड के पास गन्ने के खेत के निकट संदिग्ध हालत में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मो. रिजवान पुत्र चन्दा निवासी ग्राम मुड़िया जागीर थाना देवरनियां, बरेली को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध 12 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर थाना बहेड़ी में मुकदमा दर्ज किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह तमंचे के बल पर लोगों में भय पैदा कर अवैध गतिविधियों से पैसा कमाता था।पुलिस के मुताबिक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ रामपुर जनपद के बिलासपुर थाने में गौवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।