बरेली। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मीरगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने दो अभियुक्तों को कुल 101 ग्राम अवैध स्मैक सहित गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है।उपनिरीक्षक पंकज कुमार, चौकी प्रभारी कस्बा थाना मीरगंज अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग तथा गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग अण्डरपास कस्बा मीरगंज क्षेत्र में स्मैक बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान अभियुक्त फैजान के कब्जे से 49 ग्राम तथा अभियुक्त आजम के कब्जे से 52 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। इस संबंध में थाना मीरगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान फैजान पुत्र अजमत, निवासी मोहल्ला खानपुरा, कस्बा एवं थाना मीरगंज, उम्र लगभग 21 वर्ष तथा आजम पुत्र अजमत, निवासी मोहल्ला खानपुरा, कस्बा एवं थाना मीरगंज, उम्र लगभग के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे अधिक पैसा कमाने और अपने शौक पूरे करने के लिए स्मैक बेचने का कार्य करते थे। दोनों ट्रक चालकों से स्मैक खरीदकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचते थे। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी स्मैक बेचने के उद्देश्य से ही निकले थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त आजम के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। वहीं दोनों अभियुक्तों के खिलाफ वर्तमान मामले में भी कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक पंकज कुमार, महिला उपनिरीक्षक नीतू, महिला हेड कांस्टेबल सीमा, कांस्टेबल अंकुर कुमार एवं कांस्टेबल अभिषेक सोम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।