बरेली। भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील फरीदपुर में तैनात चकबंदी लेखपाल अजय पुत्र मनवीर सिंह को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से आवास विकास प्रथम, थाना कोतवाली नगर जनपद बुलंदशहर का निवासी है और वर्तमान में फरीदपुर के मोहल्ला बक्सरिया में किराये के मकान में रह रहा था। भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अनुसार शिकायतकर्ता कविरुल हसन पुत्र कदीरुल हसन निवासी मल्हपुर थाना भुता ने अपने पिता की दाखिल-खारिज संबंधी पत्रावली के निस्तारण के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने बुधवार रात करीब 8:50 बजे आरोपी अजय को मोहल्ला बक्सरिया स्थित किराये के मकान से 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली बरेली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।