बरेली। थाना सुभाषनगर पुलिस और यूपी एसटीएफ लखनऊ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 428 ग्राम अवैध अफीम, तीन मोबाइल फोन और 950 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में थाना सुभाषनगर में मुकदमा एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस के अनुसार रात मुखबिर की सूचना पर अंधी पुलिया से खंडर पंप नंबर- 8 के पास पीपल के पेड़ के नीचे घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। इस दौरान लालाराम वर्मा के पास से 506 ग्राम, राकेश के पास से 510 ग्राम तथा तौफीक खां के पास से 412 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।गिरफ्तार अभियुक्तों में लालाराम वर्मा निवासी भूणा थाना भमौरा, तौफीक खां निवासी भूणा थाना भमौरा और राकेश निवासी प्रेमराजपुर थाना भमौरा शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा में अफीम की सप्लाई करते थे तथा इस खेप को पंजाब के लुधियाना ले जाने की तैयारी में थे। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार नैन, उपनिरीक्षक असगर हुसैन, कांस्टेबल संदीप कुमार, महिला कांस्टेबल सुमन तथा एसटीएफ लखनऊ के उपनिरीक्षक हरीश सिंह चौहान अपनी टीम के साथ शामिल रहे।