बरेली। जिले में एसएसपी के पीआरओ के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना बहेड़ी क्षेत्र के ग्राम भौना निवासी ताहिर पुत्र रियाज अहमद ने एसएसपी को संबोधित तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसके भाई को थाने से छुड़ाने के नाम पर उससे दो लाख रुपये की ठगी की गई।पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने खुद को भीम आर्मी का नेता बताते हुए जेल से छुड़ाने का भरोसा दिलाया और काम न होने की स्थिति में रकम वापस करने की बात कही। पीड़ित ताहिर ने बताया कि दो लाख रुपये देने के बाद जब कोई काम नहीं हुआ और उसने रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने काफी दबाव और मिन्नतों के बाद एक लाख रुपये वापस किए, जबकि शेष एक लाख रुपये एसएसपी के पीआरओ को देने की बात कहकर टाल दिया।पीड़ित का आरोप है कि बाकी रकम मांगने पर आरोपियों ने उसे एससी/एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी। उसने बताया कि इस पूरे मामले के ऑडियो साक्ष्य उसके पास मौजूद हैं।तहरीर में थाना कोतवाली क्षेत्र के चौपला निवासी सुशील कुमार गौतम , विकास कुमार, सैम मैसी और आकाश पर षड्यंत्र के तहत ठगी करने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने कहा कि आरोपी कथित रूप से एसएसपी के नाम का दुरुपयोग कर इस तरह की ठगी और वसूली की घटनाओं को अंजाम देते हैं।पीड़ित ने पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बही भीम आर्मी के विकास बाबू ने बताया ताहिर को भीम आर्मी से हटा दिया इस लिए आरोप लगा रहे है।