बरेली। दहेज लोभ की एक और दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां शादी के महज ढाई महीने बाद ही एक 24 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।थाना सुभाषनगर क्षेत्र के नेकपुर में रहने वाली शालिनी (24) की शादी करीब ढाई महीने पहले 19 फरवरी को अक्षय के साथ हुई थी। मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के एक सप्ताह बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में 15 लाख रुपये नकद या महंगी गाड़ी जैसे थार या स्कॉर्पियो की मांग की जाने लगी थी। मांग पूरी न होने पर शालिनी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।थाना कोतवाली क्षेत्र के सिटी सब्जी मंडी निवासी मृतका के भाई शालू के अनुसार, शालिनी को ससुराल में शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। यहां तक कि घर में हर जगह कैमरे लगाए गए थे, जिनमें बेडरूम और बाथरूम तक शामिल बताए जा रहे हैं। परिवार का आरोप है कि बीती रात पति अक्षय, देवर अमन, सास गीता, जेठ आकाश और जेठानी ने मिलकर शालिनी की गला दबाकर हत्या कर दी।घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष मौके पर पहुंचा, जहां शालिनी का शव घर में जमीन पर पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मायके पक्ष की ओर से मृतका के पति अक्षय ,देवर अमन, सास गीता, जेठ आकाश और जेठानी के खिलाफ थाना सुभाषनगर में तहरीर दी गई है।पुलिस के अनुसार, पति और देवर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश जारी है।बताया जा रहा है कि शालिनी के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और उसके भाई ने ही उसकी शादी बड़ी मुश्किल से की थी। बावजूद इसके दहेज की मांग और प्रताड़ना का सिलसिला नहीं रुका और आखिरकार यह घटना सामने आई।