बरेली। थाना सीबीगंज पुलिस ने हत्या के एक मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार 19 अप्रैल को ग्राम जोगीठेर में हरिओम तिवारी ने शराब के नशे में अभियुक्त के घर के पास गाली-गलौज की थी। इसी बात को लेकर हरीश कुमार कश्यप उर्फ नन्होरी और उसके पिता रामदास ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हरिओम तिवारी की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। मामले में 20 अप्रैल को मृतक की पत्नी निर्मला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया, जिसमें बाद में धारा 103(1) बीएनएस (हत्या) की बढ़ोतरी की गई।पुलिस ने 1 मई को पस्तौर मोड़ क्षेत्र से मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त हरीश कुमार कश्यप (22) निवासी जोगीठेर गौटिया को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लाठी-डंडे भी बरामद किए गए हैं अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चतुर्वेदी सहित पुलिस टीम शामिल रही।