बदायूँ। कोतवाली क्षेत्र में महिला के कान से कुंडल छीनकर फरार हुए एक शातिर अपराधी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना हुआ एक कुंडल, एक Realme मोबाइल, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल , एक देशी तमंचा .315 बोर बरामद किए हैं।घटना 27 अप्रैल 2026 की है, जब पीतमराम निवासी इंधजागीर (बरेली) अपनी पत्नी नीलम और बेटी स्वानी के साथ उझानी स्थित ससुराल से वापस लौट रहे थे।आश्रय आवास कॉलोनी के सामने दो बाइक सवार बदमाश पीछे से आए और महिला के कानों से कुंडल छीनकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान कादरी तिराहे के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा।बरसात के कारण सड़क गीली होने से बाइक फिसल गई और आरोपी पैदल भागने लगा। खुद को घिरता देख उसने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से तीन फायर कर दिए।फायरिंग के दौरान एक गोली आरक्षी पुष्पेंद्र के हाथ को छूते हुए निकल गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल आरोपी की पहचान पप्पू उर्फ बिकारूद्दीन (32 वर्ष), निवासी नई सराय, थाना कोतवाली बदायूँ के रूप में हुई।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर इस तरह की लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। उसने बताया कि उझानी से आ रही महिला के कुंडल छीनकर दोनों ने एक-एक कुंडल आपस में बांट लिया था।घायल आरोपी और घायल पुलिसकर्मी को जिला अस्पताल बदायूँ में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार साथी की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।