बदायूँ में आतिफ की तमंचा छीनने के विवाद में हुई थी हत्या,25 हजार का इनामी हत्यारोपी गिरफ्तार
बदायूँ। अलापुर-बुधवाई रोड पर 17 अप्रैल को हुए चर्चित आतिफ हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामिया आरोपी रवि उर्फ रामसच्चे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आतिफ को गोली मारकर हत्या करने का आरोप था और वह घटना के बाद से फरार चल रहा था।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान में सिविल लाइन पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त टीम गठित कर आरोपी की तलाश की जा रही थी।जांच में सामने आया कि घटना के दिन आतिफ, शिवम और आरोपी रवि उर्फ रामसच्चे एक साथ बुधवाई रोड स्थित प्रभात की दुकान पर पहुंचे थे। इसी दौरान आतिफ ने रवि की पेंट में तमंचा देखकर उसे छीनने का प्रयास किया। इस पर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से आतिफ को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए घायल आतिफ को उसकी ही मोटरसाइकिल से अस्पताल पहुंचाया। पहले उसे लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां आरोपी ने चालाकी दिखाते हुए घायल के नाम की जगह अपना नाम दर्ज कराया, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।गंभीर हालत के चलते आतिफ को जिला अस्पताल से बरेली रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद मृतक के पिता की तहरीर पर 18 अप्रैल को थाना सिविल लाइन में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।पछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने खुद को बचाने और पुरानी रंजिश के चलते अन्य लोगों को फंसाने के लिए घायल आतिफ का वीडियो बनाकर उसमें कुछ नाम बुलवाए थे, जिससे जांच को भटकाया जा सके।पुलिस ने घटना स्थल और अस्पताल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की। साक्ष्य और गवाहों के आधार पर आरोपी को चिन्हित कर कल गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस के अनुसार, जांच में स्पष्ट हुआ कि आतिफ की हत्या रवि उर्फ रामसच्चे ने ही की थी। आरोपी पर पहले से भी मुकदमे दर्ज थे और उसी के चलते उसने घटना के बाद खुद को बचाने के लिए कई भ्रामक प्रयास किए।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।















































































