बरेली। जिले के फरीदपुर क्षेत्र के ग्राम रायपुर हंस में देर रात एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय इंद्रपाल पुत्र अजयवीर सिंह के रूप में हुई है। वह खेत में बनी झोपड़ी में सो रहा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। परिजनों के अनुसार, इंद्रपाल रात में गांव में एक दावत में शामिल होने गया था। देर रात लौटने के बाद वह खेत पर बनी झोपड़ी में सोने चला गया। सुबह जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसे देखने खेत पहुंचे। वहां झोपड़ी के अंदर उसका खून से लथपथ शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने बताया कि इंद्रपाल अविवाहित था और चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। वह खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी साउथ अंशिका वर्मा और सीओ फरीदपुर संदीप सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश या अन्य कारणों की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।