बरेली। थाना क्योलड़िया क्षेत्र में नाबालिग युवती से दुष्कर्म के मामले में वांछित दो अभियुक्तों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया।पुलिस के अनुसार, दिनांक 28 अप्रैल को दर्ज मुकदमा पॉक्सो एक्ट में नामजद अभियुक्त साकिब पुत्र मोहम्मद सईद और मुनीश पुत्र रामबहादुर निवासी ग्राम केला डंडी, थाना क्योलड़िया, वांछित चल रहे थे। आरोप है कि दोनों ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किया और बाद में वादी को मुकदमा वापस लेने के लिए तमंचा दिखाकर धमकी दी।29 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी मधुनगला मंदिर के पास बाइक और हथियारों के साथ मौजूद हैं। वरिष्ठ उपनिरीक्षक देशराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी बाइक से भागने लगे, लेकिन कच्चे रास्ते पर संतुलन बिगड़ने से गिर पड़े।इसी दौरान आरोपी साकिब ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में साकिब के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। उसके पास से एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई।घायल साकिब को उपचार के लिए सीएचसी नवाबगंज भेजा गया है। वहीं, दूसरे आरोपी मुनीश को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके पास से एक अवैध चाकू बरामद हुआ।घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस पर फायरिंग और अवैध हथियार बरामदगी के संबंध में थाना क्योलड़िया में अलग से मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।