बरेली। थाना फरीदपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की 5 मोटरसाइकिलों सहित 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में फाजिल, अरमान और सोहेल शामिल हैं, जो फरीदपुर क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गौसगंज पुलिया के पास कंजर गौटिया जाने वाली नहर पुलिया पर घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने की फिराक में थे। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से हीरो स्प्लेंडर, हीरो एचएफ डीलक्स और टीवीएस अपाचे समेत कुल 5 चोरी की बाइक बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ये बाइक फरीदपुर, बिथरी चैनपुर, कैंट, बारादरी और उत्तराखंड के रुद्रपुर क्षेत्र से चोरी की थीं। इस संबंध में थाना फरीदपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। तीनों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।