बरेली । एक गरीब मां को अपनी बेटी की मेहनत की कमाई मांगना भारी पड़ गया। घरेलू काम करने वाली बेटी का महीनों से रुका मेहनताना मांगने पहुंची मां के साथ पैसे वाली महिला ने गला दबाकर कई तप्पड़ मारे । आरोप है कि शहर की एक संपन्न महिला ने मजदूरी के पैसे देने के बजाय पीड़िता को थप्पड़ मारकर अपमानित किया और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की वीडियो किसी ने बना ली। अब पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी और एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। पूरा मामला थाना सुभाषनगर क्षेत्र की करेली में मोहल्ला पैर का है। यहां रहने वाली विमला और उनकी बेटी घर-घर जाकर मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। विमला की बेटी इलाके की ममता नामक महिला के घर झाड़ू-पोछा और घरेलू काम करती थी। आरोप है कि ममता ने बहाने बनाकर करीब 8 महीने का मेहनताना रोक रखा था। इसी बीच बेटी की तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। आर्थिक तंगी के चलते इलाज के लिए पैसे नहीं बचे तो बेटी ने अपनी मां से रुकी हुई मजदूरी मांगने को कहा। मजबूरी में विमला ममता के घर पहुंची और बेटी की मेहनत की कमाई मांगी। पीड़िता का आरोप है कि पैसे मांगते ही ममता भड़क गई, उसका गला पकड़ लिया और कई थप्पड़ मार दिए। साथ ही झूठे आरोप लगाकर धमकी दी कि दोबारा पैसे मांगे तो पूरे परिवार को खत्म करवा देगी। फिलहाल पीड़ित महिला अपनी बेटी के साथ जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिली और कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।