बरेली। फतेहपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल के कानपुर स्थित निजी आवास पर हुए हमले के विरोध में सरदार पटेल स्वाभिमान मंच ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। मंच के अध्यक्ष मनोहर सिंह पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।मनोहर सिंह पटेल ने बताया कि 17 अप्रैल को कानपुर नगर के पनकी दरबार नगर स्थित सांसद नरेश उत्तम पटेल के निजी आवास पर उनकी अनुपस्थिति में कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने धावा बोल दिया। उस समय उनकी धर्मपत्नी घर पर मौजूद थीं। आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज की, महापुरुषों की तस्वीरें और बैनर फाड़े तथा पत्थरबाजी कर परिवार को आतंकित करने का प्रयास किया।ज्ञापन में कहा गया कि 70 वर्षीय वरिष्ठ अधिवक्ता एवं जनप्रतिनिधि के आवास पर इस प्रकार की घटना लोकतंत्र की गरिमा, सामाजिक सौहार्द और नागरिक सुरक्षा पर गंभीर आघात है। इसे केवल एक सांसद का नहीं, बल्कि अधिवक्ताओं और पिछड़े वर्ग के समाज का भी अपमान बताया गया।मंच ने घटना की निष्पक्ष व त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। ज्ञापन के दौरान पुरुषोत्तम गंगवार , सुरेश गंगवार , रघुवीर सिंह गंगवार , आदेश गंगवार , गजेंद्र कुर्मी , अमित पटेल आदि मौजूद थे।