बरेली। थाना नवाबगंज पुलिस ने गौकशी के मामले में वांछित तीन आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध असलाह, कारतूस और गौकशी के उपकरण बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम सतुईया कला के पास नहर किनारे गौवंशीय पशु के अवशेष मिलने की सूचना पर मामला दर्ज किया गया था। इसी क्रम में 19 अप्रैल को पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में बरखन रोड स्थित ग्राम जरेली पहुंची, जहां मुखबिर से सूचना मिली कि तीन आरोपी अलीनगर शमशान के पास फिर से वारदात की फिराक में हैं।सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी मो. यासीन खां के पैर में गोली लगी, जबकि अजमल खान और अबजल खान को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। बरामदगी में शामिल:तमंचा 315 बोर, कारतूस, दांव, छुरा, रस्सियां, लकड़ी का गुटका, पॉलिथीन आदि।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 15-16 दिन पहले सतुईया कला के पास गौवंशीय पशु का वध कर उसके अवशेष नहर में फेंक दिए थे। वे पूर्व में भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।