बरेली। युवा सामाजिक कार्यकर्ता मोहित शर्मा को स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए नगर निगम बरेली ने एक बार फिर स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। आशुतोष सिटी निवासी मोहित पिछले कई वर्षों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान और सामाजिक जागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। मोहित वर्ष 2023 से स्वच्छ सर्वेक्षण अभियानों में नगर निगम के साथ मिलकर युवाओं को जागरूक करने वाले कार्यक्रमों में भाग लेते रहे हैं। उनके निरंतर प्रयासों को देखते हुए उन्हें स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के बाद अब 2025 के लिए लगातार तीसरी बार ब्रांड एंबेसडर चुना गया है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे युवा शहर को स्वच्छता रैंकिंग में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि मोहित आगे भी इसी उत्साह से शहर को स्वच्छ बनाने के अभियान में सहयोग देंगे। मोहित शर्मा ने कहा कि वे पहले की तरह आगे भी जनभागीदारी बढ़ाने के लिए अभियान चलाते रहेंगे और बरेली को स्वच्छता रैंकिंग में शीर्ष 10 में लाने के लिए प्रयास करेंगे। उन्होंने समाज कार्य में स्नातकोत्तर की डिग्री रुहेलखंड विश्वविद्यालय से प्राप्त की है और अपने कार्यों के लिए जिला, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर कई सम्मान हासिल कर चुके हैं।