बरेली । बहेड़ी नगर के बाईपास स्थित यूनिसन हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक महिला की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया। परिजनों ने डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। जानकारी के अनुसार बहेड़ी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पिपरिया रंजीत निवासी 33 वर्षीय गीता पत्नी राजपाल को बच्चेदानी में गांठ की शिकायत थी। इलाज के लिए परिजन उन्हें ऑपरेशन कराने यूनिसन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान महिला की हालत अचानक बिगड़ गई, लेकिन डॉक्टर ने सही उपचार नहीं किया और स्थिति गंभीर होते ही अस्पताल से फरार हो गया। महिला की मौत की खबर फैलते ही परिजन और ग्रामीण भड़क उठे और अस्पताल में विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने डॉक्टर पर झोलाछाप होने और लापरवाही से इलाज करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल पवन कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल परिजनों की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। घटना के बाद अस्पताल संचालक और संबंधित डॉक्टर के फरार होने की बात सामने आ रही है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने अवैध अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।