बरेली। थाना मीरगंज क्षेत्र के गांव सिमरिया बड़ी में रविवार को दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम साक्षी की पानी से भरे गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के अनुसार ग्राम प्रधान मूलचंद द्वारा गांव के पानी की व्यवस्था के लिए आंगनवाड़ी केंद्र के पास एक गहरा गड्ढा खुदवाया गया था, जो लंबे समय से खुला पड़ा था। रविवार को साक्षी घर के पास खेल रही थी और अचानक लापता हो गई। करीब दो घंटे तक तलाश के बाद परिजनों ने गड्ढे के पास उसकी चप्पल पानी में तैरती देखी। आशंका होने पर जब गड्ढा के अंदर देखा गया तो बच्ची का शव पानी में मिला। परिवार वालों ने आरोप लगाया कि गड्ढे के चारों ओर कोई घेराबंदी या सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा इंतजाम होते तो हादसा टल सकता था या गांव से दूर बनाते गड्ढा को । पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदारों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।