बदायूँ में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ का कर्तव्य बोध दिवस औऱ शैक्षिक संगोष्ठी हुई
बदायूँ। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ का कर्तव्य बोध दिवस एवं शैक्षिक संगोष्ठी का आयोजन नगला मंदिर के पास एक मैरिज लान में हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों में कर्तव्यबोध की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक सुधांशु जी ने अपने उद्बोधन में राष्ट्र के प्रति शिक्षकों के कर्तव्यों और छात्रों के भविष्य की नींव रखने वाले अध्यापकों की महत्वता पर प्रकाश डाला विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव गुप्ता जी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्षा दीपमाला गोयल जी, वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा श्याम मोहन दास गुप्ता, प्रांतीय संयुक्त मंत्री प्रियंका शुक्ला जी एवं खंड शिक्षा अधिकारी कादरचौक दिलीप कुमार कनौजिया जी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जनपद के समस्त 15 विकासखंडों की ब्लॉक इकाइयों के पदाधिकारीगण सहित सभी ब्लॉकों एवं नगर क्षेत्र के शिक्षक, शिक्षिकाएं, शिक्षामित्र एवं अनुदेशकों साथियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके उपरांत सवालिया खातून, सम्मिलित विद्यालय औरंगाबाद माफी द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की मनोहारी प्रस्तुति दी गई। तत्पश्चात राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला संयोजक दुष्यंत रघुवंशी, जिला सह-संयोजक प्रदीप कुमार एवं सोनी गुप्ता द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं पटका पहनाकर सम्मान किया गया। इसके साथ ही सभी ब्लॉक अध्यक्षों, ब्लॉक मंत्रियों एवं ब्लॉक कोषाध्यक्षों द्वारा भी अतिथियों का सम्मान किया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी महोदय के अनुमोदन उपरांत प्रत्येक विकासखंड से चयनित 5 उत्कृष्ट शिक्षक/शिक्षिकाओं तथा 2 निपुण/उत्कृष्ट विद्यालयों के प्रधान अध्यापकों को राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ बदायूं उत्तर प्रदेश द्वारा उत्कृष्ट प्रमाण-पत्र एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।
विशिष्ट अतिथि माननीय भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव गुप्ता जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने न केवल जनपद बदायूं बल्कि संपूर्ण देश में अपनी प्रभावशाली पहचान बनाई है। शिक्षकों की बढ़ती सहभागिता यह दर्शाती है कि संगठन के प्रति विश्वास निरंतर मजबूत होता जा रहा है।
विशिष्ट अतिथि दीपमाला गोयल जी ने कहा कि जहाँ प्रायः शिक्षक अधिकारों की बात होती है, वहीं राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ कर्तव्यों पर केंद्रित होकर एक अनूठी और सराहनीय पहल कर रहा है। उन्होंने संगठन के ध्येय वाक्य “राष्ट्र के हित में शिक्षा, शिक्षा के हित में शिक्षक एवं शिक्षक के हित में समाज” को व्यवहार में उतारने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंत में संगठन की कार्यकारिणी एवं अतिथियों द्वारा राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जनपद बदायूं के वार्षिक कैलेंडर का विमोचन किया गया ।
इस अवसर पर जिला संयोजक दुष्यंत रघुवंशी, संगठन के संरक्षक दिनेश गुप्ता, सह-संयोजक प्रदीप कुमार एवं सोनी गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी अंकुर कुमार सहित समस्त विकासखंडों के ब्लॉक अध्यक्ष लखेंद्र सिंह, मुकुल कुमार, जितेंद्र सिंह, भानु प्रताप, नंदकिशोर पाठक, धीरज शर्मा, सुखविंदर यादव, हिमांशु सक्सेना, आदेश कुमार, अनुराग गुप्ता, मनोज कुमार, चेतन चहार, बरेली जिले के महामंत्री श्री सुनील कुमार शर्मा जी , बरेली जिले की संयुक्त मंत्री, तथा समस्त ब्लॉक मंत्री, कोषाध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षामित्र एवं अनुदेशक साथी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन आशीष गुप्ता एवं नंदिनी वरनवाल ने किया। अंत में जिला संयोजक दुष्यंत रघुवंशी जी ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।













































































