बरेली। थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव मनकरी में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक पागल कुत्ते ने बच्चों समेत पांच लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में चार बच्चे और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों के अनुसार, मकर संक्रांति के अवसर पर गांव के मंदिर में खिचड़ी का प्रसाद वितरण किया जा रहा था। उसी दौरान बच्चे प्रसाद लेने मंदिर पहुंचे थे। गांव निवासी नन्हे लाल की दो वर्षीय पुत्री लक्ष्मी भी अन्य बच्चों के साथ वहां गई थी। तभी अचानक एक पागल कुत्ते ने बच्चों पर हमला कर दिया और उन्हें काटकर घायल कर दिया। इस हमले में लक्ष्मी, कपिल समेत कुल पांच लोग घायल हुए हैं। लक्ष्मी की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे पहले फतेहगंज पश्चिमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल बरेली रेफर कर दिया। फिलहाल लक्ष्मी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इलाके में घूम रहे आवारा और पागल कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।