बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बरेली पुलिस ने दिसंबर माह में आमजन के गुम हुए 481 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। इन मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई गई है। सीओ हाइवे शिवम आशुतोष ने बताया गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी के लिए जनपद स्तर पर कंप्यूटर ऑपरेटरों, साइबर टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर पोर्टल व तकनीकी संसाधनों की मदद से लगातार प्रयास किए। इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए गए। रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित रविंद्रालय में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हाईवे द्वारा इन मोबाइलों को उनके मालिकों को सौंपा गया। अपने मोबाइल वापस पाकर नागरिकों के चेहरों पर खुशी और पुलिस के प्रति आभार साफ नजर आया। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अभियान में अहम भूमिका निभाने वाले 11 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अभियानों से न सिर्फ जनता का भरोसा बढ़ता है, बल्कि पुलिसकर्मियों का मनोबल भी मजबूत होता है। बरेली पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में अब तक कुल 3132 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 6 करोड़ रुपये है। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि आमजन की मदद के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।