बरेली। छावनी परिषद बरेली द्वारा नागरिकों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और संस्कृति के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनवरी माह में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 12 जनवरी को मिनी मैराथन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में युवा, खिलाड़ी एवं आम नागरिक भाग लेंगे। वहीं 27 जनवरी को प्रसिद्ध म्यूजिशियन विधि शर्मा द्वारा एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन छावनी क्षेत्र में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ लोगों के मनोरंजन का भी प्रमुख माध्यम बनेगा। छावनी परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. तनु जैन के नेतृत्व में क्षेत्र में व्यापक सुधार कार्य तेज़ी से चल रहे हैं।