नोएडा । थाना सेक्टर-126 पुलिस ने महज 24 घंटे में एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए दो हत्यारोपियों और शव ठिकाने लगाने में मदद करने वाले एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामला 2 जनवरी 2026 को सामने आया था, जब एक महिला ने अपने 24 वर्षीय पति अजय मुखिया की हत्या की सूचना दी थी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने 3 जनवरी को असगरपुर से रायपुर जाने वाले पुश्ता रोड से राम वचन मांझी और साजन मांझी उर्फ सज्जन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक अजय मुखिया राम वचन का साढ़ू था और उसे शक था कि अजय उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध बनाना चाहता है, इसी रंजिश में हत्या की साजिश रची गई। 28 दिसंबर 2025 को अजय को शराब पीने के बहाने रायपुर बुलाया गया, फिर उसे सेक्टर-128 के असगरपुर क्षेत्र में ले जाकर अधिक शराब पिलाई गई और नशे की हालत में सुनसान पुश्ता पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। आरोपियों ने पहले शव को मिट्टी में दबाया और अगले दिन अशोक नामक व्यक्ति की मदद से प्लास्टिक के बोरे में भरकर ई-रिक्शा से घोड़ा फार्म के पास नाले में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल, एटीएम कार्ड और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा बरामद किया है, जबकि तीनों आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और आगे की कार्रवाई जारी है।