गाजियाबाद । नए साल के विवाद का बदला, थार सवार युवकों ने बालेनो कार पर की फायरिंगनए साल के जश्न के दौरान गाजियाबाद की वीवीआईपी सोसाइटी में हुए विवाद का बदला लेने के लिए शनिवार को थार सवार चार-पांच युवकों ने बालेनो कार पर पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक के बाद एक तीन गोलियां कार में जा धंसी। नंदग्राम क्षेत्र के गांव सीकरोड में सुनील की दुकान से गांव के ही अंकुर उर्फ सिट्टी और उसका दोस्त हर्ष सामान खरीदकर बालेनो कार से घर लौट रहे थे, तभी बराबर में आई थार से युवकों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और थार सवारों का पीछा किया, जिस पर आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए धमकी देकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची नंदग्राम पुलिस ने जांच शुरू की और फॉरेंसिक टीम ने कार में धंसी गोलियों के निशानों की पड़ताल की। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि 31 दिसंबर की रात वीवीआईपी सोसाइटी में नए साल के जश्न के दौरान अंकुर का कुछ युवकों से विवाद हुआ था, उसी रंजिश में जानलेवा हमला किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।