अलीगढ़ में एएमयू शिक्षक राव दानिश अली हत्याकांड के खुलासे के बाद मुनीर गैंग की कमान संभाल रहे कुख्यात शूटर जुबैर द्वारा संचालित इंस्टाग्राम आईडी ‘देवराज गैंग अलीगढ़’ को प्राइवेट कर दिया गया है, जो गुरुवार तक पब्लिक थी। इसी आईडी से आठ अक्टूबर को एएमयू लाइब्रेरी कैंटीन परिसर से फोटो साझा कर जुबैर ने खुलेआम धमकी दी थी। अमीर निशा सिविल लाइंस निवासी राव दानिश की 24 दिसंबर की देर शाम एएमयू लाइब्रेरी कैंटीन के पास गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी, उस समय वह अपने साथियों इमरान और भोलू के साथ टहल रहे थे। जांच में दिल्ली के ओखला क्षेत्र में रह रहे मूल रूप से बरला नौशा निवासी हिस्ट्रीशीटर शूटर भाइयों जुबैर, यासिर और फहद की भूमिका सामने आई है। पुलिस के अनुसार 2018 में शाहबेज की हत्या के बाद जुबैर को दानिश पर मुखबिरी का शक था, इसी रंजिश में जेल से बाहर आने के बाद उसने अपने भाइयों से हत्या कराई। पुलिस ने मामले में दानिश के पड़ोसी मित्र सलमान कुर्ते वाला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि आईडी प्राइवेट हो चुकी है, लेकिन उसके बायो में अब भी एएमयू छात्र आतिफ की हत्या का बदला लेने की धमकी लिखी हुई है। पुलिस अब शूटर भाइयों की तलाश के साथ उनके अन्य सोशल मीडिया अकाउंट और करीबियों की भी जांच कर रही है।