झांसी । केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने सेंट्रल जीएसटी (सीजीएसटी) से जुड़े अफसरों के ठिकानों पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। छापे के दौरान अफसरों के घरों से करीब 1.60 करोड़ रुपये नकद के साथ सोने-चांदी की ईंटें और जेवरात बरामद किए गए हैं। भारी मात्रा में मिली नकदी को गिनने के लिए मशीनें मंगवानी पड़ीं। कई जगहों पर रुपये गद्दों और बिस्तरों में छिपाकर रखे गए थे, जिन्हें फाड़कर बाहर निकाला गया। सीबीआई टीम बुधवार सुबह सबसे पहले सेवाराम मिल कंपाउंड निवासी अनिल तिवारी के घर पहुंची। यहां आलीशान मकान, महंगा फर्नीचर और लग्जरी सामान देखकर टीम भी हैरान रह गई। छापे के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और नकदी बरामद की गई, जिन्हें सीबीआई अपने साथ ले गई। बताया गया है कि अनिल तिवारी करीब ढाई दशक तक झांसी में तैनात रहे और जीएसटी से जुड़े कई मामलों में उनकी अहम भूमिका मानी जाती थी। सीबीआई की टीम ने स्टेशन रोड निवासी अजय शर्मा के घर पर भी छापा मारा, जहां से भी बड़ी मात्रा में नकदी और कीमती सामान मिलने की बात सामने आई है। इसके अलावा डिप्टी कमिश्नर आईआरएस प्रभा भंडारी के आवास पर भी कार्रवाई की गई। बताया गया कि उनकी तैनाती कुछ माह पहले ही हुई थी और हाल ही में उन्होंने एक फ्लैट खरीदा था। सीबीआई सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई जीएसटी से जुड़े एक कारोबारी मामले में रिश्वतखोरी की शिकायत के बाद की गई। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर पूरे दिन कार्रवाई की और संबंधित कार्यालयों में भी जांच की। फिलहाल सीबीआई ने बरामदगी का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया है। सीबीआई की इस कार्रवाई से जीएसटी विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।