बदायूं । लोची नगला क्षेत्र में नववर्ष के पावन अवसर पर होप यूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में एक सामाजिक सेवा एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत क्षेत्र के जरूरतमंद नागरिकों को गर्म कपड़े एवं आवश्यक उपयोगी सामग्री का वितरण किया गया, जिससे शीत ऋतु में उन्हें राहत प्रदान की जा सके। इसी क्रम में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत होपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन की डायरेक्टर डॉ0 कृष्णा सिंह के द्वारा समस्त उपस्थित बच्चों, महिलाओं एवं पुरुषों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के उन्मूलन हेतु शपथ दिलाई गई। प्रतिभागियों ने बाल विवाह न करने, न होने देने तथा समाज में इसके विरुद्ध जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी (एस ,आई ) इंद्रजीत, हेड कांस्टेबल बलजीत सिंह, कांस्टेबल रवि कुमार, मुल्ताजी कादरी एवं पुरुषोत्तम मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं महिला कल्याण विभाग, बदायूं से जिला समन्वयक छवि वैश्य तथा केस वर्कर प्रीति चौहान ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर बाल विवाह रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।