बरेली। कड़ाके की ठंड को देखते हुए सामाजिक संस्था समर्पण एक प्रयास द्वारा लगातार छठी बार जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों के तीमारदारों एवं अन्य जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से 1100 कंबलों के साथ टोपी, मफलर एवं मौजों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला अस्पताल परिसर में किया गया। संस्था के अध्यक्ष दिलीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि समर्पण एक प्रयास बीते नौ वर्षों से जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों के तीमारदारों को प्रतिदिन 250 से 500 लोगों तक भोजन उपलब्ध करा रही है। इसके साथ ही संस्था प्रत्येक वर्ष सर्दियों के मौसम में गरीब, असहाय एवं बेसहारा लोगों को कंबल एवं गर्म वस्त्र वितरित कर सेवा कार्य करती आ रही है। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडीएम फाइनेंस संतोष कुमार सिंह एवं एएसपी सोनाली मिश्रा ने जरूरतमंदों को कंबल, टोपी, मफलर एवं मौजे वितरित किए। एडीएम फाइनेंस संतोष कुमार सिंह ने कहा कि सेवा और समर्पण से आत्मसंतोष की अनुभूति होती है। वहीं एएसपी सोनाली मिश्रा ने कहा कि वे अपना जन्मदिन भी वंचित वर्ग की सहायता कर उनके साथ मनाएंगी और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने विशेष अवसरों पर जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए। कवि रोहित राकेश ने काव्यपंक्तियों के माध्यम से सेवा भाव को रेखांकित किया। कार्यक्रम में अश्विनी ओबरॉय, संजय सिंघल, सुरेंद्र लाला, महेश मेहरोत्रा, आराधना अग्रवाल, हर्ष अग्रवाल, मोहन गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।