नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरियाणा विधानसभा चुनाव में बड़े पैमाने पर वोट चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की मतदाता सूची में 25 लाख फर्जी एंट्री की गईं और भाजपा ने चुनाव आयोग की मिलीभगत से कांग्रेस की भारी बहुमत वाली जीत को हार में बदल दिया। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त और दो अन्य आयुक्तों ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ मिलकर भाजपा की जीत सुनिश्चित की। उन्होंने दावा किया कि जांच में फर्जी फोटो, पते और नाम पाए गए हैं, यहां तक कि एक ब्राजीली मॉडल ने हरियाणा में सीमा, स्वीटी जैसे नामों से 10 बूथों पर 22 बार वोट डाला। राहुल ने कहा कि हर आठ में से एक वोटर नकली है, एक लाख से ज्यादा मतदाताओं की तस्वीरें फर्जी हैं और 500 मतदाता एक ही पते पर दर्ज पाए गए। उन्होंने बताया कि 3.5 लाख मतदाताओं के वोट काटे गए और कांग्रेस के पास अब “H फाइल्स” हैं, जिनमें पूरे चुनावी घोटाले का विवरण है। राहुल गांधी ने दावा किया कि यही गड़बड़ी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में भी हुई है। उन्होंने कहा कि पोस्टल बैलेट में कांग्रेस को 73 सीटें मिलीं जबकि भाजपा को केवल 17, जिससे साबित होता है कि हरियाणा का जनादेश जनता से नहीं बल्कि सिस्टम से चुराया गया।