प्राथमिक विद्यालय कैमुआ में स्कूल चलो अभियान रैली निकाली,मानव श्रृंखला बनाई
 
                बरेली। आलमपुर जाफराबाद विकास क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय कैमुआ में स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकाली गई तथा मानव श्रृंखला बनाकर गांव के चारों तरफ एक घेरा बनाया गया। गौरतलब है कि वर्तमान में स्कूल चलो अभियान जारी है तथा उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने बरेली से ही इस अभियान की शुरुआत की है। इसी के तहत आलमपुर जाफराबाद विकास क्षेत्र के डाइट मेंटर श्रीकांत मिश्रा ने प्राथमिक विद्यालय कैमुआ में स्कूल चलो अभियान रैली की शुरुआत की तथा गांव के समस्त महिला पुरुष के साथ मिलकर गांव के चारों तरफ मानव श्रृंखला बनाई। सभी ग्राम वासियों को अपने बच्चों को स्कूल में नामांकित करने के लिए प्रेरित किया। श्रीकांत मिश्रा ने कहा कि शिक्षा से व्यक्ति के जीवन में सुधार होता है तथा वह आने वाले दिनों में अपने रोजगार की उचित व्यवस्था कर पाने में सक्षम होता है। शिक्षित व्यक्ति नौकरी अथवा व्यवसाय दोनों से देश के विकास में योगदान देता है। उन्नति का रास्ता शिक्षा से ही जाता है। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने विद्यालय स्टाफ को भी सामुदायिक बैठकें करने, गांव में व्यक्तिगत संपर्क करने के लिए भी प्रेरित किया। ग्रामीणों को संबोधित करने के बाद गांव में विभिन्न नारे जैसे ‘कोई न छूटे इस बार, शिक्षा है सबका अधिकार’, ‘पढ़ेंगे पढ़ाएंगे, उन्नत राष्ट्र बनाएंगे, 21वीं सदी की यही पुकार, शिक्षा है सबका अधिकार’, ‘दीप से दीप जलाएंगे, साक्षर देश बनाएंगे’ लगाते हुए रैली भी निकाली गयी। इस अवसर पर विकास क्षेत्र मझगवां के डाइट मेंटर सूर्य प्रताप सिंह, कैमुआ के शिक्षक किशोर कुमार, पुत्तू लाल, सीमा दीक्षित, पूनम पाठक, ग्राम प्रधान अखिलेश उपाध्याय तथा अन्य ग्रामीण रामबेटी, सुषमा, बन्नोदेवी, अंजली शाक्य, सुमित्रा देवी, अनिल, सुनील, राजू, अंजली आदि सैकड़ो की संख्या में उपस्थित रहे। रैली में विद्यालय के इको क्लब का भी विशेष योगदान रहा। इको क्लब के सदस्य बच्चों ने भी विधिवत इको क्लब की यूनिफॉर्म पहनकर नारे लगाते हुए पूरे गांव के चक्कर लगाए तथा लोगों को जागरूक किया।





















































































 
                                         
                                         
                                         
                                        