बरेली। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को लेकर दिए गए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बयान से सपाई आक्रोशित है। इसको लेकर सपा युवा फ्रंटल संगठन समाजवादी छात्र सभा व मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को अयूब खाँ चौराहे पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का पुतला दहन किया। थाना प्रभारी कोतवाली ने अयूब खाँ चौराहा पहुंचकर पुतला छीनने की कोशिश की, लेकिन तब तक सपाई पुतला जला चुके थे। इस दौरान जमकर धक्का-मुक्की हुई और चौराहे पर लंबा जाम लग गया। इसके बाद सपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए वहां से चले गए। सछास जिलाध्यक्ष अविनाश मिश्रा ने दिल्ली की मुख्यमंत्री की अमर्यादित एवं अससंदीय भाषा का प्रयोग करने की निंदा करते हुए पद से हटाने की मांग की। यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष एजाज अहमद ने कहा यह कृत्य घोर निंदनीय है, रेखा गुप्ता एक संवैधानिक एवं अति महत्वपूर्ण पद पर आसीन होने के बावजूद भी भारत की तीसरी बड़ी प्रतिष्ठित समादवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद के लिए इस तरह की अशोभनीय भाषा का प्रयोग करती है, माफ़ी नहीं मांगी तो और उग्र विरोध करेंगे। छात्र सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष फरहान अली ने कहा अखिलेश यादव की छवि को धूमिल करने का असफल प्रयास किया गया है, यह संविधान की मर्यादा को आहत और ठेस पहुंचाते हैं। ऐसा करना उनकी दूषित मानसिकता का परिचायक है जिससे देश की करोड़ों लोगों की भावना को ठेस पहुंची है। समाजवादी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता और समर्थक इसका विरोध करते हैं। इस दौरान बाबा साहब वाहिनी के जिलाध्यक्ष बृजेश आजाद, अमरीश यादव, अभिषेक यादव, अर्पित उपाध्याय, यूनुस अंसारी, गौरव यादव, सुदेश यादव, मृदुल तिवारी, उत्कर्ष मिश्रा, तपिश गंगवार, रामवीर दिवाकर, अनुराग मौर्य, व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।