बरेली। जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन एलायंस के सहयोग से बाल विवाह मुक्त भारत एवं मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत बदायूं जिले के विकासखंड कादरचौक की ग्राम पंचायत ततारपुर में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। बरेली के कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से बाल विवाह, बालश्रम, बाल शोषण और ऑनलाइन डिजिटल हिंसा के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया। कार्यक्रम में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला प्रोबेशन अधिकारी, बदायूं ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में पंजीकृत वीर विजय नृत्य नाट्य संस्था, बरेली के निर्देशक रवि प्रकाश सक्सेना के निर्देशन में कलाकार हरजीत कौर, संजय कुमार, गोपाल श्रीवास्तव, प्रशांत सक्सेना, भोलानाथ सिंह, अर्जुन शंखधार और मोहित कुमार ने ग्रामीण परिवेश पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया। कलाकारों ने संवाद और अभिनय के जरिए बाल विवाह रोकने, बच्चों को शिक्षा दिलाने और उनके साथ होने वाले शोषण के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की। नाटक के माध्यम से मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और महिला हेल्पलाइन 181, 1090, 112 व चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी गई। बाल श्रम निषेध एवं विनियमन अधिनियम के प्रावधानों के बारे में बताते हुए समझाया गया कि 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से काम कराना प्रतिबंधित है, जबकि 14 से 18 वर्ष के किशोरों को खतरनाक कार्यों में लगाने पर रोक है। महिला कल्याण विभाग की जिला मिशन समन्वयक छवि वैश्य ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि बेटियों को शिक्षा के समान अवसर मिलने चाहिए। बाल संरक्षण अधिकारी रवि कुमार ने कहा कि किसी भी बच्चे के शोषण की जानकारी मिलने पर उसकी मदद करना और उसे न्याय दिलाने के लिए प्रयास करना सभी की जिम्मेदारी है। चाइल्डलाइन के जिला समन्वयक ने बच्चों की सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में विस्तार से बताया। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग इकाई के प्रभारी ने महिला एवं बच्चों की सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल सूचना देने की अपील की। संस्था समन्वयक देवेंद्र पाल ने बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए बाल विवाह रोकने का आह्वान किया। इस दौरान उपस्थित लोगों को बाल विवाह के खिलाफ शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम प्रबंधक ने अतिथियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं और ग्रामवासियों का आभार जताया। संस्था की सचिव मीना सिंह ने भी सभी का धन्यवाद करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर संस्था की काउंसलर चेतना, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर अनुपम, दुर्गा, रूबी, सत्येंद्र सिंह, अनिल कुमार, प्रवेंद्र कुमार, अवधेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया बाल विवाह मुक्त भारत का संदेशबरेली के कलाकारों ने बाल विवाह, बालश्रम और डिजिटल हिंसा के प्रति किया जागरूक

6.5K views

























































































