बरेली। शीशगढ़ रोड पर सहोड़ा अड्डे के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार मामा की मौत हो गई, जबकि उनका भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मामा को मृत घोषित कर दिया। घायल भांजे को परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामपुर जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र के कनदरपुर नई बस्ती निवासी 26 वर्षीय साकिब सैफी पुत्र अबरार हुसैन अपने भांजे अनस के साथ मोटरसाइकिल से बरेली पासपोर्ट कार्यालय जा रहे थे। साकिब को अपना पासपोर्ट बनवाना था। रास्ते में शीशगढ़ थाना क्षेत्र के सहोड़ा अड्डे के पास उनकी बाइक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि साकिब और अनस दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक के भाई आरिफ ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने साकिब को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अनस की गंभीर हालत को देखते हुए परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। साकिब बिलासपुर में एक निजी कंपनी में कैशियर के पद पर कार्यरत थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। साकिब की मां हसीन बानो के अलावा परिवार में चार भाई और एक बहन हैं। वह दो भाइयों से छोटे थे। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।