बरेली। गणेश नगर, थाना सुभाष नगर निवासी 52 वर्षीय अरविंद कुमार सक्सेना पुत्र गुलाब शंकर सक्सेना का शव बुधवार को उनके घर की छत के जाल में कपड़े के सहारे लटकता हुआ मिला। सूचना मिलते ही सुभाष नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अरविंद कुमार घर में अकेले रहते थे और शहर के हकीम राम जी मल के यहां काम करते थे। उनके बेटे आशीष सक्सेना शहर से बाहर रहकर काम करते हैं। पिता की मौत की खबर पर पहुंचे आशीष ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उनके पिता ने आत्महत्या की या उनकी हत्या हुई। आशीष ने बताया कि उनके पिता के आत्महत्या करने का कोई कारण नहीं था। उन्होंने हत्या की आशंका जताई, लेकिन किसी दुश्मनी से इनकार किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या और हत्या दोनों संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। मृतक के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। पुलिस मामले में सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।