नवोदय विद्यालय की छात्राओं ने किया एस एस कॉलेज का भ्रमण
शाहजहाँपुर। पीएम श्री योजना के अंतर्गत संचालित जवाहर नवोदय विद्यालय, पीलीभीत की 50 छात्राओं ने अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन में स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज का भ्रमण किया। छात्राओं के इस भ्रमण का उद्देश्य उच्च शिक्षा एवं व्यावसायिक कौशल के संबंध में जानकारी हासिल करना था। छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने एवं स्वरोजगार बनने के लिए प्रेरित किया गया। छात्राओं ने महाविद्यालय के सभी संकायों के अतिरिक्त, स्टेडियम, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, कीड़ा मैदान, छात्रावास, कैंटीन, अतिथि गृह, सेमिनार कक्ष, आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ, मंत्रणा कक्ष,कंप्यूटर लैब , एनसीसी व एनएसएस कक्ष, ई-कॉमर्स कक्ष, स्मार्ट कक्षाएं, ई वेस्ट कक्ष, शोध विकास प्रकोष्ठ, भाषा प्रयोगशाला, म्यूज़ियम, औषधालय, डाकघर के अतिरिक्त कॉलेज के प्रशासनिक भवन का भी अवलोकन किया और महाविद्यालय की कार्यप्रणाली को समझा।
भ्रमण के दौरान छात्राओं ने वाणिज्य विभाग में “स्वरोजगार एवं व्यावसायिक कौशल” विषय पर आयोजित कार्यशाला में भी प्रतिभाग किया।

कार्यशाला का शुभारंभ प्राचार्य प्रो.आर.के आजाद, उप-प्राचार्य व वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो.अनुराग अग्रवाल ने स्वामी शुकदेवानंद जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो.आर के आजाद ने कहा कि भारत जैसे देश में, जहां महिलाओं की भूमिका केवल परिवार तक सीमित नहीं रह गई है, वहां आर्थिक स्वतंत्रता और आत्मनिर्भरता अत्यंत आवश्यक हो गई है। स्वरोजगार न केवल महिलाओं को आर्थिक मजबूती देता है, बल्कि उन्हें सम्मान, आत्मविश्वास और सामाजिक पहचान भी प्रदान करता है। डा. विजय तिवारी ने कहा कि आज सरकार भी महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित कर रही है। मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, स्वयं सहायता समूह, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम जैसी योजनाएँ महिलाओं के लिए विशेष रूप से लाभकारी हैं। डॉ सुखदेव के संयोजन में हुए भ्रमण में प्रो आदित्य सिंह, प्रो देवेंद्र सिंह, प्रो मीना शर्मा, प्रो प्रभात शुक्ला, डॉ आलोक सिंह, डॉ शिशिर शुक्ला, डॉ शालीन सिंह, प्रो आलोक मिश्रा, डॉ आदर्श पाण्डेय, अवनीश चौहान, तुषार रस्तोगी आदि का विशेष सहयोग रहा।













































































