संत कबीर नगर। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी की 80 सीटें भाजपा हार रही है। इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर गरीब महिलाओं के खाते में हर साल एक लाख रुपये भेजे जाएंगे। इसके साथ ही 30 लाख नौकरियां बेरोजगारों को दी जाएगी, यह चुनाव संविधान बचाने का चुनाव है।हालांकि इस दौरान एक बार फिर भारी भड़ी उमड़ने से अव्यवस्था फैलने जैसी नौबत आ गई। सुरक्षाबलों ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रण में किया। अखिलेश, सोमवार को घनघटा के द्वाबा विकास इंटर कॉलेज में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।उन्होंने कहा कि यह हमारे और आप के भविष्य का चुनाव है। आने वाली पीढ़ी का चुनाव है। इस चुनाव से संविधान को बचाया जा सकेगा। जैसे समुद्र मंथन हुआ था उसी तरह से 2024 में संविधान मंथन होने जा रहा है। एक तरफ वो लोग हैं, जो संविधान को खत्म करना चाहते हैं और दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन है, जो संविधान को बचाना चाहती है।10 साल की केंद्र सरकार और सात साल की यूपी सरकार ने किसान, नौजवानों को धोखा देने का कार्य किया है। भाजपा ने कहा था कि सत्ता में आने के बाद किसानों की आय दोगुनी कर देंगे। किसी की आय दो गुनी नहीं हुई बल्कि जो आय थी वह भी खत्म हो गई।किसानों को जानबुझ कर डीएपी के साथ नैनों खरीदने का दबाव बनाया। नैनों बनाने वाले भारी कमीशन देकर भारत छोड़कर चले गए। यूपी सरकार बेरोजगारों को नौकरी नहीं देना चाहती है। इसलिए हर परीक्षा का पेपर लीक करा दे रही है। युवाओं का एक तिहाई जीवन बर्बाद कर दिया। इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर 30 लाख नौकरियां दी जाएंगी।