डीईओ ने वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों एवं निर्वाचन कार्मिकों की सुरक्षा सेहत के दृष्टिगत जारी किए क्या करें, क्या ना करें
बदायूँ। जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के अप्रैल से जून के मध्य गर्मी का मौसम रहता है तथा निर्वाचन को विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों एवं निर्वाचन कार्मिकों की सुरक्षा सेहत के दृष्टिगत इन महीनो में चलने वाले लू के कारण संभावित चुनौतियों का समाधान करना भी आवश्यक रहता है। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय लखनऊ द्वारा भी दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने मतदाताओं व मतदान कार्मिकों को जागरुक करते हुए गर्मी व लू के मौसम में क्या करें क्या ना करें जारी कर उसके अनुरूप कार्य करने के लिए कहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि पोलिंग पार्टी प्रस्थान एवं मतदान दिवसों पर सभी मतदान कार्मिक हल्के सूती वस्त्रो का प्रयोग करें एवं अपने साथ तेज धूप से बचाव हेतु छाता एवं सर को ढकने के लिए सफेद सूती गमछा या अन्य कोई कपड़ा रखें। पैरों में आरामदायक जूते या चप्पल पहने। अपने साथ सादा जल, नींबू पानी, ओआरएस अवश्यक रखें। तेज धूप से बचने के लिए अन्य प्रोटेक्टिव गैर जैसे टोपी आदि का प्रयोग करें। अत्यधिक चाय, कॉफी या कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक का सेवन न करें, इससे शरीर में पानी की मात्रा कम होने की संभावना रहती है। बासी भोजन से बचे, हल्के एवं ताजे बने भोजन ले। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों महिलाओं जिनके साथ छोटे बच्चे हो तथा निशक्त व्यक्तियों के लिए मतदान में प्राथमिकता दी जाए ताकि उन्हें भीषण गर्मी में अधिक देर तक अपने घर के बाहर न रहना पड़े। मतदान केंद्र पर हर हाल में पेयजल की उपलब्धता रहे। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि मतदान दिवस को सुबह तेज धूप निकलने से पहले अधिक संख्या में मतदेय स्थलों पर कतारबद्ध होकर मतदान करें।













































































