बदायूँ। मालवीय आवास गृह पर भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) का अनिश्चितकालीन धरना गुरुवार को 35वें दिन भी जारी रहा। धरनास्थल पर आयोजित सभा में किसानों व पदाधिकारियों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सतीश साहू ने कहा कि किसानों और आम जनता की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। लंबा समय बीत जाने के बावजूद प्रमुख समस्याओं का निस्तारण नहीं हो सका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और किसान-मजदूरों के अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
ज्ञापन में दो प्रमुख समस्याएं
ज्ञापन के माध्यम से मुख्य रूप से दो मामलों के निस्तारण की मांग की गई: वहीं बीयीशु दास ने कहा सरकारी जमीन से कब्जा हटाने की मांग: नई सराय स्थित बीएसएनएल कार्यालय के पीछे सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जे को हटवाने तथा सार्वजनिक रास्ते व नाले की समस्या का समाधान कराने की मांग की गई।
फर्जी बैनामा व कब्जे की जांच: उझानी क्षेत्र के जनुइया गांव निवासी प्रेमवती की जमीन पर दबंगों द्वारा कब्जा कर फर्जी बैनामा करा लेने का आरोप लगाया गया। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित महिला को न्याय दिलाने और जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग की।
आश्वासन के बाद भी धरना जारी रखने का ऐलान
ज्ञापन लेने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार तक समाधान का आश्वासन दिया। हालांकि, यूनियन के पदाधिकारियों ने केवल आश्वासन पर आंदोलन समाप्त करने से इनकार कर दिया।
पदाधिकारियों ने दो टूक कहा कि जब तक समस्याओं का धरातल पर समाधान नहीं हो जाता, तब तक मालवीय आवास गृह पर अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। गौरतलब है कि अपनी मांगों को लेकर किसान दीपावली का त्योहार भी धरनास्थल पर ही मनाने को मजबूर हुए थे।
ये रहे मौजूद
इस दौरान भगवान दास, यादवेंद्र सिंह यादव, मुंशी यादव, सत्येंद्र यादव, प्रेमवती, कृष्ण अवतार शाक्य, यीशुदास, इरशाद खान, नूरुद्दीन, राशिद अब्बासी, कल्लू जाटव, सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।
35वें दिन भी जारी रहा भाकियू (चढ़ूनी) का धरना, सिटी मजिस्ट्रेट ने सोमवार तक समाधान का दिया आश्वासन

6.8K views

























































































