गढ़चिरौली (महाराष्ट्र)। एटापल्ली तहसील की सुरजागढ़ पहाड़ी पर शुरू लौह उत्खनन के लिए बड़ी तादाद में ट्रकों की आवाजाही बढ़ने के कारण सड़क दुर्घटनाएं बढ़ गई है। एटापल्ली तहसील के येलचिल गांव के पास सुरजागढ़ के ट्रक की टक्कर में दोपहिया सवार एक युवक की मौत हो गई। अहेरी शहर में तनाव पूर्ण माहौल हो गया। मृतक के परिजनों ने घटना की रात ही शव को लेकर शहर के आजाद चौक में ठिया आंदोलन शुरू कर दिया। परिजनों के इस आंदोलन में शहरवासियों ने भी हिस्सा लेने के कारण रातोरात शहर पुलिस और एसआरपीएफ की अतिरिक्त तुकड़ियों को स्थिति को नियंत्रित करने भेजा गया। इस बीच शहर के दुकान धारकों ने भी बुधवार की सुबह से सभी दुकानें बंद रखी। मामले की गंभीरता को देखते हुए दोपहर 12 बजे के दौरान लॉयड्स एंड मेटल्स कंपनी के अधिकारियों द्वारा मृतक के परिजन को भेंट देकर 5 लाख रुपए वित्तीय मदद देने के साथ सुरजागढ़ परियोजना में परिवार के सदस्य को स्थायी रोजगार देने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने अपना आंदोलन समाप्त किया। इस दौरान मृतक युवक पर अंतिम संस्कार भी किया गया। अहेरी निवासी सचिन पद्माकर नागुलवार (23) और चिंचगुंड़ी निवासी शंकर रमेश गेडाम (31) अपनी दोपहिया से अहेरी से एटापल्ली की ओर जा रहे थे। रात करीब 7 बजे के दौरान एटापल्ली से विपरीत दिशा से आ रहे सुरजागढ़ लौह परियोजना के ट्रक ने दोपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में सचिन की घटनास्थल पर मृत्यु हो गयी। वहीं शंकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी अहेरी शहर में पहुंचते ही यहां तनावपूर्ण माहौल हो गया। सचिन के परिजनों ने शव को लेकर शहर के आजाद चौक में ठिया आंदोलन शुरू कर दिया। परिजनों और शहरवासियों ने इस समय सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाते हुए मृतक और घायल के परिजनों को वित्तीय मदद देने की मांग की। रात भर परिजनों व शहर वासियों ने शव को लेकर ठिया आंदोलन किया।