“अतुल्य गंगा द्वारा सम्मानित हुए सचिन
बदायूं। गंगा की अविरलता व निर्मलता हेतु सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों द्वारा संचालित “अतुल्य गंगा अभियान” के तत्वावधान में वर्ष 2020 – 2021 में गंगोत्री से गंगासागर तक पैदल यात्रा कर सफलता पूर्वक गंगा की “मुण्डमाल परिक्रमा” की गई जिसमें नौ माह से अधिक समय लगा व लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

इसी क्रम में अगला कदम बढ़ाते हुए सेवानिवृत्त जनरल गोपाल शर्मा व सेवानिवृत्त कर्नल हेम लोहुमी की अगुवाई में 01 मार्च 2022 को गंगोत्री से साइकिल यात्रा आरम्भ की गई जो सम्पूर्ण भारत में गंगा की धारा के किनारे बसे गाँवों में होते हुए गंगासागर तक जाएँगे।
जनपद बदायूँ आगमन पर साइकिल यात्री सहसवान, उझानी के रास्ते कादरचौक होते हुए प्राथमिक विद्यालय गंगपुर पुख्ता पहुँचे, इस दौरान साइकिल यात्रियों का कई स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। गंगपुर पुख्ता प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार के सहयोग से सभी के रात्रि विश्राम की समुचित व्यवस्था की गई तथा पंजाब नेशनल बैंक सर्किल हैड राकेश शर्मा एवं अग्रणी जिला प्रबंधक श्याम पासवान के सहयोग से स्वागत/सम्मान, जलपान व विचार गोष्ठी आयोजित की गई। विचार गोष्ठी में अतुल्य गंगा के संस्थापक जनरल गोपाल शर्मा व कर्नल हेम लोहुमी व अन्य साथियों द्वारा यात्रा के उद्देश्यों, अनुभवों व गंगा संरक्षण के मुख्य बिंदुओं से अवगत कराते हुए मार्गदर्शन किया गया। पँजाब नेशनल बैंक के सर्किल हेड राकेश शर्मा , अग्रणी जिला प्रबंधक श्याम पासवान , अतिन रावत व विनोद गुप्ता ने भी विचार व्यक्त किए।


विचार गोष्ठी में कादरचौक प्रधान दिनेश कुमार धारा भइया व कादरचौक उच्च प्राथमिक विद्यालय के अनुदेशक पुष्पेंद्र कुमार के साथ अन्य ग्रामवासियों ने सभी यात्रियों का फूलमालाओं से स्वागत किया और गंगपुर पुख्ता के सेवानिवृत्त फौजी वीरेंद्र यादव भी अपने सहयोगियों के साथ उपस्थित रह कर कार्यक्रम में सहयोग किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गंगासेवक की उपाधि से सम्मानित सचिन सूर्यवंशी को अतुल्य गंगा अभियान द्वारा पूर्व में क्रियान्वित “मुण्डमाल परिक्रमा” व वर्तमान में संचालित “साइक्लॉथन” में सहयोगी कार्यकर्ता की भूमिका निभाने हेतु अभियान के संस्थापक सदस्यों द्वारा सम्मानित करते हुए जनपद बदायूँ में समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही सचिन सूर्यवंशी के आग्रह पर जनपद बदायूँ की सोतनदी के दोनों ओर सघन वृक्षारोपण कर जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण करने की योजना में सहयोग देने की स्वीकृति प्रदान की है। इस अवसर पर सचिन सूर्यवंशी ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय एकता परिवार के सदस्य सोतनदी को पुनर्जीवित करने हेतु बहुत लंबे समय से प्रयासरत थे किंतु जब सैन्य अधिकारियों का आशीर्वाद और सहयोग मिलेगा तो हम अपने उद्देश्य में अवश्य एवं अतिशीघ्र सफल होंगे। उन्होंने ये भी कहा क्योंकि जिस कार्य को सैन्य अधिकारी आरम्भ करते हैं वह अवश्य ही पूर्ण होता है इसलिए एक ओर अत्यधिक हर्ष का विषय है कि गंगा के संरक्षण की कमान सैन्य अधिकारियों ने सम्भाली है किन्तु दूसरी ओर ये दुःखद भी है कि देश की युवा पीढ़ी का बहुत बड़ा हिस्सा बेरोजगारी या राजनैतिक दलों की जिंदाबाद मुर्दाबाद करने में इस तरह व्यस्त है कि उन्हें भविष्य में आने वाली विकराल समस्या का अनुमान नहीं है। जिस प्रकार मनुष्य अपने स्वार्थवश नदियाँ, झीलें, तालाब, कुऍं व अन्य प्राकृतिक जलस्त्रोतों का दोहन कर रहा है उसके फलस्वरूप वह दिन दूर नहीं जब धरती पर पीने योग्य जल नहीं बचेगा।
साइकिल यात्रा में अवधेश त्यागी , कालेश्वर मिश्र , कर्नल भार्गव मेहता , कर्नल दर्शन मेहता , कर्नल कृष्णिया , कर्नल हेम लोहुमी , जर्नल आलोक क्लेर , जनरल गोपाल शर्मा , कर्नल मनोज केश्वर , कैप्टन नौसेना नवतेज सिंह , विष्णु मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।
विचार गोष्ठी में पंजाब नेशनल बैंक के समस्त अधिकारी व कार्यकर्ता बंधुओं के साथ गणेशदत्त शर्मा, विभांशु शर्मा भी उपस्थित रहे।














































































