बदायूं। सोमवार सुबह से लेकर शाम पांच बजे तक ज्यादातर बूथों पर वोटरों की कतार लगी रही। सहसवान, दातागंज, बिसौली, बिल्सी व सदर विधानसभा में मतदाताओं ने सक्रिय रूप बड़ी तादाद में मतदान किया। बदायूं जिले में सोमवार को केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने उझानी के मतदान केंद्र पर अपने परिजनों संग वोट डाला। इस दौरान केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने दूसरे चरण के सभी जिलों में हुए मतदान में आम जनता की बड़ी भागीदारी को लोकतंत्र की जीत बताया है। उन्होंने बदायूं जिले के सभी मतदाताओं का मतदान में सक्रिय रूप से भागीदारी करने के लिए उनका आभार जताया। इस दौरान उझानी समेत बदायूं जिले के सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय पुलिस बलों के अलावा बड़ी संख्या में पीएसी व पुलिस के जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालने में लगे रहे।