उझानी मार्ग पर रायपुर बुजुर्ग के पास हुआ हादसा बिल्सी। बीती सोमवार की रात उझानी-बिल्सी मार्ग पर स्थित रायपुर बुजुर्ग गांव के निकट एक बाइक सवार युवक किसी अज्ञात वाहन से टकरा गया। जिसकी मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं पुलिस ने उसके शव का पंचनामा भर पीएम को भेजा है। कोतवाल डीके शर्मा ने बताया कि नगर के मोहल्ला संख्या आठ निवासी हाशिम अल्वी (25) पुत्र इल्यास अली उर्फ टप्पू बीती सोमवार की रात अपनी बाइक से किसी शादी समारोह में उझानी को जा रहा था। तभी नगर के निकलते हीउझानी-बिल्सी मार्ग पर स्थित रायपुर बुजुर्ग गांव के निकट उसकी बाइक किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। जिससे हाशिम अल्वी गंभीर रुप से घायल हो गया। जिसने थोड़ी देर बाद मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पंहुची पुलिस ने उसके शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा। उसके बाद पीएम के लिए भेज दिया। बताते है कि हाशिम अल्वी सिर पर हेलमेट नहीं लगाए हुए था। यदि वह उसके सिर पर हेलमेट होता तो उसकी जान बच सकती थी। हाशिम की मौत के बाद परिवार के लोगों में कोहराम मच गया है। बताते है कि उसकी कुछ माह पहले ही शादी हुई थी।