UP में पूरब से लेकर पश्चिम तक ठंड का प्रकोप, बढ़ रही गलन वाली ठंड
लखनऊ। यूपी के ज्यादातर शहरों में रात के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गयी है. प्रदेश के 10 शहरों में पारा 5 डिग्री सेल्सियस के नीचे गिर गया है. पूरब से लेकर पश्चिम तक ठंड का प्रकोप देखने को मिला है. दिन में तो थोड़ी राहत रह रही है लेकिन, शाम ढ़लते ही गलन वाली ठंड बढ़ जा रही है.
तापमान में इसी गिरावट के कारण सुबह-सुबह कोहरा भी हो जा रहा है. सोनभद्र जिले का चुर्क कस्बा प्रदेश में सबसे ठण्डा रहा. यहां मंगलवार रात का न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा 9 ऐसे शहर रहे जहां बीती रात न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज किया गया. ये शहर हैं – 1. चुर्क – 3.2 डिग्री सेल्सियस 2. कानपुर – 3.8 डिग्री सेल्सियस 3. बरेली, मुजफ्फरनगर – 3.8 डिग्री सेल्सियस 4. रायबरेली – 3.9 डिग्री सेल्सियस 5. शाहजहांपुर – 4.2 डिग्री सेल्सियस 6. मेरठ – 4.5 डिग्री सेल्सियस 7. आगरा अलीगढ़ – 4.8 डिग्री सेल्सियस 8. लखनऊ, सुल्तानपुर, अयोध्या – 5 डिग्री सेल्सियस।
ठंड का हाल ये है कि चुर्क, कानपुर, बरेली, मुजफ्फरनगर और रायबरेली तो नैनीताल और शिमला से भी ठंडे रहे. नैनीताल में 4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ जबकि शिमला में 5.7 डिग्री सेल्सियस लेकिन, इन शहरों में इनसे भी कम. इसके अलावा बाकी शहरों में भी तगड़ा जाड़ा पड़ रहा है. वाराणसी और झांसी में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
अगले कुछ दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अगले कुछ दिन ठंड का ऐसा ही रूप देखने को मिलेगा. वैसे कोहरा सुबह सुबह होगा लेकिन, दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी निकल आयेगी. इसकी वजह से जनजीवन उतना प्रभावित नहीं होगा लेकिन, शाम ढ़लते ही संभलने की जरूरत बतायी गयी है. अगले कुछ दिनों तक बारिश और बादलों के छाने की कोई संभावना नहीं जताई गयी है. बता दें कि मौसम विभाग ने पहले ही शीतलहर चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था.













































































