बदायूं। जिले में जमीनों पर कथित अवैध कब्जों और भूमाफियाओं के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। मालवीय आवास गृह पर चल रहे अनिश्चितकालीन धरने को आज 52 दिन पूरे हो गए हैं, लेकिन किसानों का आरोप है कि इतने लंबे समय बाद भी जिला प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। दिन-रात जारी धरने में किसान और संगठन के कार्यकर्ता अपने हक और न्याय की मांग को लेकर डटे हुए हैं।
धरने का प्रमुख मामला ग्राम नया में प्रेमवती की जमीन पर कथित अवैध कब्जे से जुड़ा है। आरोप है कि इकरारनामा होने और पेशगी की रकम दिए जाने के बावजूद भूमाफिया ने जमीन पर कब्जा कर लिया। इतना ही नहीं, आरोप है कि गजराज ने कथित तौर पर धोखाधड़ी करते हुए जमीन का बैनामा किसी अन्य व्यक्ति के नाम करा दिया। पीड़िता लंबे समय से न्याय की गुहार लगा रही है, लेकिन अभी तक उसे राहत नहीं मिल सकी है।
वहीं, दूसरा मामला शहर में बीएसएनएल कार्यालय के पीछे स्थित सरकारी सड़क और सरकारी नाले की भूमि पर कथित कब्जे का है। किसानों का कहना है कि सरकारी अभिलेखों में सड़क और नाले की जमीन दर्ज होने के बावजूद दबंगों द्वारा उस पर कब्जा करने का प्रयास किया गया। संगठन ने इन दोनों मामलों में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
किसान नेताओं का कहना है कि जनपद में भूमाफियाओं और दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि गरीब और कमजोर लोगों की निजी जमीन से लेकर सरकारी संपत्तियों तक को निशाना बनाया जा रहा है। इसके बावजूद प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। 52 दिनों से चल रहा धरना इस बात का प्रमाण है कि पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए संगठन पीछे हटने को तैयार नहीं है।
एक दिसंबर को बरेली कूच करेंगे किसान
आंदोलन को मंडल स्तर पर पहुंचाने के लिए भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) ने एक दिसंबर को बरेली कमिश्नरी पहुंचकर मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है। इसमें चारों जनपदों के जिलाध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में किसान पदाधिकारी, कार्यकर्ता और किसान शामिल होंगे। प्रतिनिधिमंडल मंडलायुक्त को बदायूं प्रशासन की कार्यप्रणाली और लंबित शिकायतों से अवगत कराते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग करेगा।
फिलहाल मालवीय आवास गृह पर 52 दिन बाद भी किसानों का आंदोलन उसी मजबूती के साथ जारी है। अब देखना यह है कि किसानों की इस लंबी लड़ाई के बाद प्रशासन कब जागता है और पीड़ितों को कब न्याय मिल पाता है। इस मौके पर बीयीशु दास, नूरुद्दीन, सत्येंद्र यादव, अनवार शाह, मुन्ना, शरीफ, यादवेंद्र सिंह यादव, शिवम यादव, प्रेमवती, कृष्ण अवतार शाक्य, वली अहमद, इसहाक खान, नूर बानो, रियाज बानो आदि लोग मौजूद रहे।
52वें दिन भी न्याय की आस में डटे किसान, मालवीय आवास पर भाकियू चढूनी का अनिश्चितकालीन धरना जारी

6.3K views

























































































