लखनऊ। उत्तर प्रदेश की संसदीय और विधानसभा व्यवस्था में आने वाले समय में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था लागू होने पर उत्तर प्रदेश में लोकसभा सांसदों की संख्या मौजूदा 80 से बढ़कर 120 हो जाएगी। वहीं विधानसभा में विधायकों की संख्या 403 से बढ़कर करीब 605 पहुंच जाएगी।
केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव तैयार किया है। इसके लिए वर्ष 2011 की जनगणना को आधार बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी अनुपात में देश के सभी राज्यों में लोकसभा और विधानसभा की सीटें बढ़ाई जाएंगी। इस व्यवस्था के तहत संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता भी तैयार होगा।
यूपी में महिलाओं के लिए 40 लोकसभा और 202 विधानसभा सीटें
उप मुख्यमंत्री के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित 120 लोकसभा सीटों में लगभग 40 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। इसी तरह 605 विधानसभा सीटों में करीब 202 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जा सकती हैं। इससे प्रदेश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने के साथ नए नेतृत्व को भी अवसर मिलने की उम्मीद है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए भी आरक्षण की व्यवस्था रहेगी।
2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने की तैयारी
केशव मौर्य ने बताया कि केंद्र सरकार वर्ष 2027 की जनगणना का इंतजार किए बिना 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है। प्रस्तावित योजना के तहत वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से नई व्यवस्था लागू करने का लक्ष्य रखा गया है।
सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
महिला आरक्षण के मुद्दे पर केशव मौर्य ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन दलों ने महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में उचित प्रतिनिधित्व मिलने की राह में बाधा डाली है। उन्होंने सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अखिलेश यादव और डिंपल यादव से अपील की कि वे महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों का विरोध न करें। उन्होंने कहा कि यह विधेयक देश के हित और लोकतंत्र को मजबूत बनाने वाला है।
योगी सरकार ने भी किया फैसले का स्वागत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसले का स्वागत करते हुए इसे महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। वहीं उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि महिला आरक्षण लागू होने से महिलाओं को उनका अधिकार मिलेगा और राजनीतिक व्यवस्था में उनकी भागीदारी बढ़ेगी।
हालांकि, लोकसभा और विधानसभा की सीटों में प्रस्तावित वृद्धि अभी अंतिम रूप से लागू नहीं हुई है। इसके लिए संसद में संबंधित विधेयकों का पारित होना और संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होना जरूरी है।


























































































