मुख्य समाचार पर जाएँ
Sunday, 29 November 2026
SKS24NEWSNational Hindi Digital News Networkख़बर वही, जो सच बताए!
देश की आवाज़स्थानीय खबरें · राजनीति · शिक्षा · खेल
🌙 19.8 °C साफ · बदायूँ
🥇 सोना ₹1,46,220.00 / 10 ग्राम
🥈 चांदी ₹2,20000/ किलो
सुर्खियाँ
Uttar Pradesh

बदायूँ में “सड़क किसकी, नाम किसका, श्रेय किसे? बदायूं में दो दिग्गजों की सियासी भिड़ंत”

November 29, 2026By admin0 comments
👁 6.3K views
WhatsAppImage2026-02-15at42216PM1
previous arrow
next arrow

बदायूं। शहर की सड़कें गड्ढों से जूझ रही हैं, विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं, लेकिन बदायूं की राजनीति में इन दिनों सबसे बड़ा मुद्दा सड़क का निर्माण नहीं, बल्कि सड़क और चौराहे का नाम है। कहीं किस महापुरुष के नाम पर मार्ग होगा, कहीं किस समाज की शख्सियत को सम्मान मिलेगा और कहीं विकास कार्य के शिलापट पर किस जनप्रतिनिधि का नाम लिखा जाएगा—इन सवालों ने शहर की राजनीति को दो खेमों में बांट दिया है। विधानसभा चुनाव की आहट के बीच सपा के पूर्व मंत्री आबिद रजा और भाजपा विधायक महेश चंद्र गुप्ता के बीच राजनीतिक तलवारें खिंचती नजर आ रही हैं। मामला अब सिर्फ नामकरण का नहीं, बल्कि राजनीतिक वर्चस्व, चुनावी संदेश और विकास का श्रेय लेने की लड़ाई बनता दिखाई दे रहा है।

ReferralCodeLLVR11
previous arrow
next arrow
WhatsAppImage2023-12-28at122820
previous arrow
next arrow
WhatsAppImage2024-06-13at122213
previous arrow
next arrow

22 प्रस्तावों से गरमाई शहर की राजनीति, नामकरण के पीछे चुनावी संदेश?

सदर विधानसभा सीट से सपा टिकट के प्रबल दावेदार, पूर्व मंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय सचिव आबिद रजा ने अपनी पत्नी और नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा रजा को पत्र लिखकर शहर के विभिन्न मार्गों, चौराहों और तिराहों का नाम महापुरुषों, समाज की प्रतिष्ठित हस्तियों और स्थानीय शख्सियतों के नाम पर रखने का प्रस्ताव दिया। इस सूची में 22 प्रस्ताव शामिल हैं। इनमें अलग-अलग समाजों के महापुरुषों और प्रतिष्ठित व्यक्तियों के नामों को स्थान दिया गया है।

प्रस्तावित नामकरण में सरदार वल्लभभाई पटेल, महर्षि वाल्मीकि, गुरु नानक देव, मुलायम सिंह यादव, महर्षि कश्यप, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, कृष्ण स्वरूप, गुलाम मुस्तफा, डॉ. मुकेश जौहरी, चित्रगुप्त, उर्मिलेश शकील, डॉ. विलियम बटलर, प्रकाशी, डॉ. हफीज, मौलवी यूनूस अली, फखरे आलम और असरार साहब जैसी शख्सियतों के नाम शामिल हैं। इसके अलावा एकलव्य मार्ग, बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और संत गाडगे की प्रतिमा स्थापना तथा गांधी ग्राउंड के उत्तरी और पूर्वी गेट के पुनर्निर्माण के प्रस्ताव भी दिए गए हैं।

राजनीतिक गलियारों में इस सूची को महज सम्मान प्रस्ताव नहीं, बल्कि चुनाव से पहले विभिन्न सामाजिक वर्गों तक पहुंचने की कवायद के रूप में भी देखा जा रहा है। सवाल यह उठ रहा है कि क्या नामकरण के इन प्रस्तावों से शहर में सामाजिक सम्मान की नई पहल होगी या चुनावी समीकरण साधने की रणनीति?

पालिका पर सपा का कब्जा, विधायक के पास सत्ता की ताकत… टकराव की जड़ यही!

बदायूं की इस सियासी कहानी में दोनों पक्षों की राजनीतिक ताकत अलग-अलग है। नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा रजा सपा खेमे से हैं, जबकि सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता भाजपा से हैं और प्रदेश में उनकी पार्टी की सरकार है। पूर्व मंत्री आबिद रजा जहां नगर पालिका के माध्यम से शहर की स्थानीय राजनीति में प्रभाव रखते हैं, वहीं विधायक महेश चंद्र गुप्ता विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं में अपनी भूमिका और जनप्रतिनिधि के रूप में अधिकार को लेकर सक्रिय हैं।

दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक महत्वाकांक्षा भी किसी से छिपी नहीं है। आबिद रजा सदर विधानसभा सीट से सपा के मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं, वहीं मौजूदा भाजपा विधायक महेश चंद्र गुप्ता भी आगामी चुनाव में अपनी सीट बचाने की तैयारी में हैं। ऐसे में शहर में होने वाला प्रत्येक विकास कार्य और प्रत्येक शिलापट चुनावी राजनीति से जुड़ता दिखाई दे रहा है।

सड़क विधायक ने बनवाई, नाम पालिका ने रख दिया… यहीं से बिगड़ा खेल!

राजनीतिक टकराव की कहानी चौराहों के नामकरण से पहले सड़कों के निर्माण और उनके विभागीय अधिकारों को लेकर शुरू हुई। आरोप है कि नगर पालिका अध्यक्ष सपा खेमे से होने के चलते विधायक ने शहर की कुछ सड़कों को लोक निर्माण विभाग में शामिल कराकर उनका निर्माण कराया। जबकि इन सड़कों की सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी नगर पालिका के पास ही रही।

इसी बीच पूर्व मंत्री आबिद रजा ने नगर पालिका अध्यक्ष के सहयोग से लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई गई कुछ सड़कों का नामकरण कराया। इन सड़कों पर लगाए गए शिलापटों पर स्थानीय भाजपा विधायक का नाम नहीं होने की बात सामने आई। बताया जाता है कि विधायक को यह बात नागवार गुजरी। उनका तर्क है कि जब निर्माण कार्य में उनकी भूमिका है तो शिलापट पर उनका नाम भी होना चाहिए।

वहीं सपा खेमे का राजनीतिक नजरिया अलग है। नगर पालिका अध्यक्ष और पूर्व मंत्री सपा से जुड़े हैं, ऐसे में विकास कार्यों और नामकरण का राजनीतिक श्रेय भाजपा विधायक को देने को लेकर सपा खेमा सहज नहीं दिखता। यही श्रेय की लड़ाई अब सड़क से निकलकर चौराहे और तिराहे तक पहुंच गई है।

अधिकारियों को नोटिस, राजनीति में नौकरशाही की एंट्री!

सूत्रों के मुताबिक, शिलापटों पर विधायक का नाम नहीं होने को लेकर भाजपा विधायक ने अधिकारियों के समक्ष नाराजगी जताई। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने अपने द्वारा निर्मित सड़कों का नगर पालिका द्वारा नामकरण किए जाने के मामले में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किया।

अब यह राजनीतिक विवाद जनप्रतिनिधियों के बीच सीमित नहीं रह गया है। नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग के बीच अधिकारों और प्रक्रियाओं को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। राजनीतिक खींचतान के बीच अधिकारी और कर्मचारी भी असमंजस में हैं कि आखिर किस विभाग की सड़क पर नामकरण का अधिकार किसके पास है और किस जनप्रतिनिधि का नाम शिलापट पर दर्ज किया जाए।

जातीय समीकरण साधने की कोशिश या महापुरुषों को सम्मान?

भाजपा विधायक महेश चंद्र गुप्ता के खेमे की ओर से नामकरण की इस कवायद को विभिन्न जातीय और सामाजिक वर्गों को एकजुट करने की राजनीतिक कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। सूची में कई समाजों के महापुरुषों और प्रतिष्ठित व्यक्तियों को स्थान दिए जाने से चुनावी समीकरणों की चर्चा तेज है।

हालांकि नामकरण के प्रस्तावों के पीछे सामाजिक सम्मान का तर्क भी है। लेकिन चुनावी माहौल में राजनीति से जुड़े किसी भी कदम को केवल सामाजिक पहल मानना आसान नहीं है। यही वजह है कि 22 नामों की सूची अब शहर के राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बन गई है।

नामकरण समारोह भी होने लगे स्थगित, क्या चुनाव से पहले थम जाएगा सिलसिला?

राजनीतिक खींचतान का असर अब प्रस्तावित नामकरण कार्यक्रमों पर भी पड़ने लगा है। शहर में नामकरण और लोकार्पण से जुड़े कुछ कार्यक्रमों के स्थगित होने की घटनाएं सामने आने लगी हैं। इससे यह सवाल उठ रहा है कि क्या आगामी चुनाव से पहले शहर में नामकरण और शिलापट की राजनीति और तेज होगी या फिर प्रशासनिक और राजनीतिक दबाव में ऐसे कार्यक्रमों पर विराम लग जाएगा?

विधानसभा चुनाव की बेला में दोनों राजनीतिक खेमों के लिए शहर में अपना प्रभाव दिखाना अहम है। ऐसे में एक ओर नामकरण के जरिए सामाजिक वर्गों तक पहुंचने की कोशिश है, तो दूसरी ओर विकास कार्यों के माध्यम से जनता के बीच अपनी उपलब्धियां दर्ज कराने की रणनीति।

शहर को गड्ढामुक्त कौन करेगा? नामों की लड़ाई में असली सवाल गायब!

बदायूं की राजनीति में इस समय सड़क का नाम किसके नाम पर रखा जाए, शिलापट पर किसका नाम लिखा जाए और विकास का श्रेय कौन ले—इन सवालों पर खूब चर्चा है। लेकिन शहर की जनता के सामने सबसे बड़ा सवाल अब भी वही है कि गड्ढों में तब्दील हो चुकी सड़कों की मरम्मत कौन कराएगा, नई बनी सड़कों की गुणवत्ता की जिम्मेदारी कौन लेगा और शहर की सफाई, जलभराव, स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं का समाधान कब होगा?

नामकरण और शिलापट की राजनीति के बीच विकास की असली परीक्षा जनता की सुविधाओं से होगी। चुनाव करीब हैं, राजनीतिक दावेदार भी मैदान में हैं और सियासी समीकरण भी बनने-बिगड़ने लगे हैं। लेकिन बदायूं की जनता शायद यह देखना चाहती है कि नेताओं की राजनीतिक महत्वाकांक्षा सड़कों के नाम तक सीमित रहती है या शहर की बदहाल सड़कों को भी वास्तव में सुधारने की पहल होती है।

फिलहाल बदायूं में सड़कें किस विभाग की हैं, नाम किसका होगा और शिलापट पर किसका चेहरा चमकेगा—इस सियासी पहेली का जवाब अभी बाकी है। चुनाव से पहले यह नामकरण विवाद किस मोड़ पर पहुंचेगा, शहर की राजनीति में इसका अगला अध्याय क्या होगा, यह देखना दिलचस्प होगा।

WhatsAppImage2024-10-20at41111PM1
previous arrow
next arrow
WhatsAppImage2023-04-17at53854PM4
previous arrow
next arrow

यह भी पढ़ें

Home
Live TV
VIDEO NEWS
+ Create
Verified by MonsterInsights