बरेली। बरेली के औद्योगिक और तकनीकी विकास को गुरुवार को नई रफ्तार मिली। सीबीगंज में 18.25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) यानी आईटी पार्क का केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने उद्घाटन किया। करीब दो एकड़ में बने इस आधुनिक परिसर से बरेली और आसपास के जिलों के युवाओं के लिए रोजगार, स्टार्टअप और तकनीकी उद्यमिता के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।
इस परियोजना के लिए प्रशासन ने एसटीपीआई को 30 वर्ष की लीज पर जमीन उपलब्ध कराई थी। मुख्यमंत्री ने 12 मार्च 2024 को इसका शिलान्यास किया था। अब निर्माण पूरा होने के बाद पार्क को शुरू कर दिया गया है।
आईटी पार्क में डेटा सेंटर, इंक्यूबेशन सेंटर, ऑडिटोरियम, कॉन्फ्रेंस हॉल, मीटिंग रूम और कैफेटेरिया जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। खास बात यह है कि यहां कार्यालय स्थापित करने वाली आईटी कंपनियों को शुरुआती तीन वर्षों तक किराये में विशेष छूट दी जाएगी। इससे कंपनियों को निवेश के लिए प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
अब तक आईटी क्षेत्र में करियर बनाने के लिए बरेली के युवाओं को नोएडा, दिल्ली, बेंगलुरु और पुणे जैसे शहरों का रुख करना पड़ता था। पार्क के संचालन से सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, डिजिटल सेवाओं, आईटी सपोर्ट और तकनीकी परामर्श के क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित हो सकेंगे। इंक्यूबेशन सेंटर से नए स्टार्टअप को कार्यालय, इंटरनेट और तकनीकी सहयोग भी मिल सकेगा।
जरी-जरदोजी और फर्नीचर उद्योग के लिए पहचान रखने वाले बरेली को अब आईटी क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की तैयारी है। हालांकि, परियोजना की वास्तविक सफलता यहां कंपनियों के निवेश, स्टार्टअप की स्थापना और स्थानीय युवाओं को मिलने वाले रोजगार पर निर्भर करेगी।
कार्यक्रम में सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, मीरगंज विधायक डीसी वर्मा, महापौर डॉ. उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, जिलाध्यक्ष सोमपाल सिंह गंगवार, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, बहोरनलाल मौर्य और दिनेश गोयल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, उद्यमी, व्यापारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
18.25 करोड़ के एसटीपीआई पार्क का उद्घाटन , केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने सीबीगंज में किया लोकार्पण, शुरुआती तीन साल कंपनियों को किराये में मिलेगी विशेष छूट

6.9K views

























































































