बदायूं। पुलिस स्मृति दिवस एवं पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर युवा मंच संगठन एवं श्री भगवा सेना की ओर से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के सम्मान में समारोह आयोजित किए गए। संस्थापक एवं अध्यक्ष ध्रुव देव गुप्ता तथा प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने बदायूं और उसहैत में पुलिसकर्मियों को शॉल, पुष्पमाला, मेडल एवं सम्मान प्रतीक चिह्न भेंट कर उनके कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त किया।
बदायूं जिला पुलिस कार्यालय में एसपी सिटी अभिषेक सिंह एवं सीओ सिटी राहुल पाण्डेय को सम्मानित किया गया। वहीं नगर उसहैत स्थित थाना परिसर में थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह सहित थाने के समस्त पुलिस स्टाफ का अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर संगठन के संस्थापक एवं अध्यक्ष ध्रुव देव गुप्ता ने कहा कि पुलिस के जवान अपने घर-परिवार से दूर रहकर दिन-रात जनता की सुरक्षा और सेवा में जुटे रहते हैं। अनेक चुनौतियों के बीच अपनी जान की परवाह किए बिना कर्तव्यों का निर्वहन करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मान करना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। पुलिस प्रशासन के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करना सामाजिक संगठनों का भी दायित्व है।
संगठन के मार्गदर्शक एवं वरिष्ठ साहित्यकार भूराज सिंह राजलॉयर ने कहा कि पुलिस विभाग का त्याग, संघर्ष और समर्पण उसे जनता के बीच मित्र के रूप में स्थापित करता है। डिजिटल युग में अपराध के नए तरीकों के साथ पुलिस के सामने चुनौतियां भी बढ़ी हैं। इसके बावजूद पुलिसकर्मी निडरता और जिम्मेदारी के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने में जुटे हैं। ऐसे सम्मान समारोह पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने का सकारात्मक माध्यम हैं।
कार्यक्रम का संचालन साहित्यकार एवं कवि पवन मिश्रा ने किया। इस दौरान भूराज सिंह राजलॉयर, हिमांशु पंडित, पुष्पेंद्र श्रीवास्तव, अखिलेश गुप्ता, नंदकिशोर पाठक, मुन्ने खां, नंदकिशोर शाक्य, मास्टर साहब, निराले खां, प्रदीप गुप्ता, विजय भारद्वाज, राजू राठौर, विशाल भारद्वाज, कृष्णपाल शाक्य, वंश गुप्ता, शिवा श्रीवास्तव, रविन्द्र माथुर, राहुल श्रीवास्तव, राजू श्रीवास्तव और करन कश्यप सहित युवा मंच संगठन एवं श्री भगवा सेना के पदाधिकारी मौजूद रहे।
समारोह के अंत में संगठन की ओर से पुलिस विभाग के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, आरक्षियों, होमगार्ड एवं अन्य कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सेवा, समर्पण और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।


























































































